अस्पताल से गिरफ्तारी से मचा हड़कंप, इलाके में सनसनी
Updated on 3 Feb, 2026 01:21 PM IST BY NEWSALERTINDIA.COM
लखनऊ|यूपी के बाराबंकी में मंगलवार को सुबह करीब 8 बजे एनआईए, एटीएस और एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने दबिश दी। यहां एक युवक को अस्पताल से हिरासत में लिया। इसके बाद उसके घर पर छापा मारा। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमें शहर कोतवाली क्षेत्र में सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल पहुंचीं। यहां से रामलखन को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि रामलखन अस्पताल में भर्ती अपनी मां की देखभाल के लिए मौजूद था। उनका हाल ही में ऑपरेशन हुआ है। इसके बाद टीम बदोसराय थाना क्षेत्र के खोर एत्महादपुर गांव रामलखन के घर पहुंचीं। वहां गहन तलाशी ली।इस दौरान स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। कई घंटों की जांच के बाद भी घर से कोई आपत्तिजनक वस्तु या संदिग्ध दस्तावेज बरामद नहीं होने की जानकारी मिली है। कार्रवाई से इलाके में रामलखन के कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। लेकिन, एजेंसियों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा दबिश दी गई है। हालांकि किस मामले में कार्रवाई हुई है? संदिग्ध की भूमिका क्या है? इसकी जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है। स्थानीय स्तर पर भी मामले की जांच की जा रही है।