प्रतापगढ़ में दर्ज हुई एफआईआर, मंदसौर के एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मी आरोपी
मंदसौर। मंदसौर जिले के भावगढ़ थाने में पदस्थ एएसआई सुरेश निनामा, आरक्षक देवेंद्रकुमार लवाना, यशवंत सिंह, करन सिंह और संविदा कर्मचारी मुकेश कुमावत के खिलाफ राजस्थान के प्रतापगढ़ कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के आरोप में केस दर्ज किया है। आरोप है कि इन पुलिसकर्मियों ने 10 फरवरी 2025 को राजस्थान निवासी एक शराब व्यापारी पारसमल मेवाड़ा को अवैध रूप से अगवा कर 85 पेटी देशी शराब के साथ झूठे केस में फंसा दिया था। पारसमल मेवाड़ा को भावगढ़ पुलिस ने अवैध शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वे 8 अप्रैल को इंदौर हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा हुए। इसके बाद उन्होंने प्रतापगढ़ की कोर्ट में परिवाद दायर कर पूरी घटना का विवरण दिया। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ IPC की धाराएं 140(3), 142, 61(2), 312 के तहत केस दर्ज किया है।
परिवाद में लगाए गंभीर आरोप
पारसमल ने बताया कि उनकी पुत्री सरोज मेवाड़ा के नाम से प्रतापगढ़ जिले के खेरोट गांव में लाइसेंसी वाइन शॉप है। 10 फरवरी को उनका चालक दशरथ मीणा अधिकृत वाहन RJ 35 UA 0639 से शराब लेकर लाइसेंसी गोदाम जा रहा था। इस दौरान अखेपुर गांव के पास दो अज्ञात बाइक सवारों ने हथियार दिखाकर चालक को भगा दिया और पारसमल को अगवा कर लिया। इसके बाद भावगढ़ पुलिस ने उन्हें झूठे शराब तस्करी के केस में फंसा दिया।
भावगढ़ पुलिस ने दर्ज किया था प्रकरण
भावगढ़ थाना पुलिस ने 10 फरवरी को पारसमल को थार वाहन RJ 35 UA 0639 में 85 पेटी देशी शराब के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया था। उनके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर 27 मार्च को चालान कोर्ट में पेश किया था। यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
एसपी बोले—हमें नहीं सुना गया, करेंगे अपील
मंदसौर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद ने कहा कि इस मामले में हमें सुने बिना कार्रवाई की गई है। हम इसके खिलाफ जल्द ही अपील करेंगे। भावगढ़ पुलिस ने विधिसम्मत तरीके से कार्रवाई की और कोर्ट में चालान पेश किया है।
कॉल डिटेल से खुल सकती है सच्चाई
परिवाद में पारसमल ने मांग की है कि आरोपी पुलिसकर्मियों की कॉल डिटेल खंगाली जाए, जिससे यह साबित किया जा सके कि वे घटना के दिन राजस्थान की सीमा में मौजूद थे। इससे पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सकता है।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (16 फ़रवरी 2026)
श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है बाबा धाम: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का भव्य समापन
सरगुजा ओलंपिक के जिला स्तरीय आयोजनों में 10,577 खिलाड़ियों ने की भागीदारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के प्राचीन बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचकर की पूजा-अर्चना
लोकसंगीत और बॉलीवुड सुरों से सजा मैनपाट महोत्सव का दूसरा दिन
सुकमा कलेक्टर ने दोरनापाल में योजनाओं की स्थिति देखी