ममता सरकार के खिलाफ BJP का बड़ा अभियान, अमित शाह ने भरी हुंकार
कोलकाता।नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव और उपचुनाव में सघन जांच के बाद सिर्फ असम के एक मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की सिफारिश की गई है। यहां शनिवार को फिर वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने केरलम, असम और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के 63,084 मतदान केंद्रों पर कराया है। इनमें से असम के 123-करीमगंज नॉर्थ विधानसभा में 239-बेबीलैंड हाई इंग्लिश स्कूल पोलिंग स्टेशन पर दोबारा मतदान का निर्णय लिया गया है।
बंगाल: कृष्णनगर उत्तर के तृणमूल प्रत्याशी का नामांकन हुआ निरस्त
कोलकाता। प. बंगाल चुनाव से पहले कृष्णनगर उत्तर सीट पर तृणमूल को बड़ा झटका लगा है। निर्वाचन आयोग ने तृणमूल प्रत्याशी अभिनव भट्टाचार्य का नामांकन रद्द कर दिया है। रिटर्निंग ऑफिसर के अनुसार, अभिनव जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 9ए के तहत अयोग्य पाए गए। जांच में सामने आया कि नामांकन के समय वे सरकारी अनुबंधों से जुड़े थे, जो हितों के टकराव के चलते उम्मीदवारी में बाधक है। अभिनव ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। तृणमूल नेतृत्व इस सीट पर नया चेहरा उतारने की तैयारी में है।
326 केंद्रीय पर्यवेक्षकों की निगरानी में होगी तमिलनाडु में वोटिंग
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर कुल 326 केंद्रीय पर्यवेक्षकों की निगरानी में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त डॉ. एसएस संधू व डॉ. विवेक जोशी के साथ मिलकर समीक्षा की। पर्यवेक्षकों से कहा गया कि वह अपने संपर्क नंबर और जनता, राजनीतिक पार्टियों, उम्मीदवारों या उनके एजेंटों की शिकायतें सुनने की जगह और समय को अच्छी तरह से प्रकाशित करें।
कुल 4,610 उम्मीदवार : तमिलनाडु में 4,610 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। करूर सीट से सबसे अधिक 85, तो अंबासमुद्रम में सबसे कम 5 प्रत्याशी मैदान में हैं।
हुमायूं कबीर गद्दार, उन्हें जनता देगी जवाब : टीएसी सांसद सायनी घोष
चुनाव से पहले टीएमसी छोड़कर अपनी पार्टी बनाने वाले हुमायूं कबीर विवादों में हैं। उन पर भाजपा की 'बी' टीम के तौर पर काम करने का आरोप लगाया गया है। एआईएमआईएम ने भी उनकी पार्टी से गठबंधन तोड़ दिया है। इस पर टीएमसी सांसद सायनी घोष ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मैं पहले दिन से कहती आ रही हूं कि वह भाजपा की 'बी' टीम के तौर पर काम कर रहे हैं। उनकी नीयत ठीक नहीं है। उन्होंने सभी को धोखा देने का काम किया है। जनता उन्हें जवाब देगी।
मीडिया से बातचीत में सायनी घोष ने कहा कि वीडियो सामने आ गया है, जिससे साफ हो गया है कि वह भाजपा से मिले हुए हैं। जिसकी नीयत ठीक नहीं है, उसकी मुराद कभी पूरी नहीं होती है। उन्होंने हुमायूं कबीर पर पश्चिम बंगाल के मुस्लिमों को धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका जवाब इसी समुदाय के लोग भी देंगे। उनका वीडियो सामने आया है, सभी उनसे नाता तोड़ना चाहते हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल मुस्लिम समुदाय के साथ गद्दारी की है। इसका जवाब मुस्लिम भाई देंगे।
एआईएडीएमके प्रमुख पलानीस्वामी बोले- MGR से न करें विजय की तुलना
एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने लोगों से अभिनेता-राजनेता विजय की तुलना एआईएडीएमके के संस्थापक एमजी रामचंद्रन से न करने का आग्रह किया है। उन्होंने संकेत दिया है कि दिवंगत मुख्यमंत्री कहीं अधिक श्रेष्ठ थे, क्योंकि उन्होंने अपने जीवनकाल में लोगों की सेवा की और अपनी संपत्ति मूक-बधिरों के गृह को दान कर दी। इसके अलावा, उन्होंने तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों की आलोचना करने में गरिमा और अनुशासन की आवश्यकता होती है।उन्होंने दावा किया कि वह एमजीआर और दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता के राजनीतिक स्कूल से संबंधित हैं।
एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए एआईएडीएमके के महासचिव ने कहा कि एमजीआर भगवान थे और इसलिए उनकी तुलना विजय से नहीं की जानी चाहिए, जो नवगठित टीवीके के प्रमुख हैं। पलानीस्वामी ने कहा, “उनकी तुलना एमजीआर से मत कीजिए, जो हमारे लिए भगवान के समान हैं। एमजीआर ने फिल्मों में अभिनय से कमाए पैसे जनता के लिए खर्च किए और अपने जीवनकाल में हमेशा जनता के कल्याण के लिए प्रयासरत रहे। उनके निधन के बाद, उन्होंने अपनी संपत्ति मूक-बधिरों के आश्रम को दान कर दी। वह महान व्यक्ति हमारे नेता हैं।”
पीएम मोदी आज बंगाल में करेंगे तीन चुनावी रैलियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में तीन रैलियों को संबोधित करने वाले हैं, क्योंकि भाजपा विधानसभा चुनावों से पहले अपना प्रचार अभियान तेज कर रही है। पीएम मोदी पूर्व बर्धमान के कटवा, मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर और दक्षिण दिनाजपुर के कुशमंडी में रैलियां करेंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मध्य और उत्तरी बंगाल में भाजपा के समर्थन को मजबूत करना है, जहां पार्टी अपनी पैठ को और गहरा करने और सत्तारूढ़ टीएमसी के लिए अपनी चुनौती को और तेज करने की कोशिश कर रही है।चुनाव आयोग द्वारा मार्च के मध्य में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद से राज्य में मोदी की यह तीसरी यात्रा होगी, जो पश्चिम बंगाल के प्रति भाजपा नेतृत्व के महत्व को रेखांकित करती है, जो पार्टी के प्रमुख चुनावी क्षेत्रों में से एक है।
भाजयुमो ने 'चुनाव नियमों के उल्लंघन' को लेकर कांग्रेस नेता के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
युवा मोर्चा के एक नेता ने केरल विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कांग्रेस सांसद के. सुधाकरन के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे और सभी 140 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे। युवा मोर्चा नेता के शिजिल ने सुधाकरन और उनके सहायक जयंत दिनेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा की युवा शाखा, युवा मोर्चा के अनुसार, सुधाकरन, दिनेश के साथ कन्नूर के किझुन्ना स्थित एक स्कूल में बने मतदान केंद्र में दाखिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनेश उनके साथ ईवीएम तक गए और कांग्रेस नेता के बगल में खड़े रहे जब उन्होंने अपना वोट डाला। युवा मोर्चा ने यह भी दावा किया कि दिनेश मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन लेकर घूम रहा था और उसका इस्तेमाल कर रहा था। युवा मोर्चा के नेताओं ने कहा कि उन्होंने घटना के वीडियो क्लिप शिकायत के साथ जिला रिटर्निंग ऑफिसर को सौंप दिए हैं और वे कन्नूर सांसद के खिलाफ जांच और कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
केरल: कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन बोले- वोटों के लिए समुदायों को दोष न दें; यूडीएफ बड़ी जीत के लिए तैयार
कांग्रेस नेता के मुरलीधरन ने शनिवार को कहा कि किसी विशेष पार्टी को वोट न देने के लिए किसी भी समुदाय को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। वह भाजपा नेता पीसी जॉर्ज और उनके बेटे शॉन जॉर्ज के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे, जिन्होंने कैथोलिक चर्च, उसके बिशपों और उसके द्वारा समर्थित एक समाचार पत्र की आलोचना करते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने चुनाव में उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। केरल विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे, और सभी 140 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। एलडीएफ तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य रख रही है, यूडीएफ वापसी की कोशिश कर रही है और एनडीए राज्य में अपना खाता खोलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इन टिप्पणियों से संकेत मिलता है कि केरल के बाहर अल्पसंख्यक समुदायों के प्रति भाजपा का रवैया राज्य में भी दोहराया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हमें वोट न देने के लिए समुदायों को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। कभी-कभी हमें कुछ समुदायों से वोट मिलते हैं, और कभी-कभी नहीं। कुछ चुनावों में हमें कुछ समुदायों से वोट नहीं मिले, लेकिन हमने इसके लिए उन्हें दोषी नहीं ठहराया।”
'एलडीएफ को तीसरी बार सत्ता मिलेगी, कांग्रेस को आपसी कलह से होगा नुकसान': केवी थॉमस
नई दिल्ली में केरल सरकार के विशेष प्रतिनिधि केवी थॉमस ने शनिवार को कहा कि सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाला एलडीएफ तीसरी बार सत्ता में लौटेगा और कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ अपने भीतर कथित आंतरिक कलह के कारण सरकार नहीं बना पाएगा। कांग्रेस के पूर्व नेता और केंद्रीय मंत्री रहे थॉमस ने भाजपा पर राजनीति में उपभोक्तावाद लाने का भी आरोप लगाया और कहा कि पलक्कड़ में जो हुआ उससे यह स्पष्ट हो गया। वह भाजपा नेता शोभा सुरेंद्रन पर लगे वोट के बदले नकदी देने के आरोप का जिक्र कर रहे थे। थॉमस ने यहां एक टीवी चैनल से बात करते हुए आगे कहा कि भाजपा नेता शॉन जॉर्ज की इस टिप्पणी में भी उपभोक्तावाद देखा जा सकता है कि अगर चर्च भगवा पार्टी की मदद नहीं करते हैं, तो शायद वे उनकी भी मदद नहीं करेंगे।
'बंगाल से कर देंगे ममता दीदी के गिरोह का पूरा सफाया', बांकुरा में बोले अमित शाह
पश्चिम बंगाल के बांकुरा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "हम ममता दीदी के पूरे बंगाल में उनके गिरोह का पूरी तरह से सफाया कर देंगे। यह गिरोह ममता और उनके भतीजे के लिए शासन का एक हथियार बन गया है। जो बंगाल की जनता का खून चूसता है। ममता को सत्ता से हटाकर भाजपा की सरकार बनने के बाद, हम इस गिरोह को सबक सिखाने का जिम्मा खुद उठाएंगे। स्थानीय आलू किसानों की बात करें तो, उनकी उपज की कीमत 20 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक होनी चाहिए, लेकिन उन्हें मुश्किल से 2 रुपये ही मिलते हैं। यह सब ममता दीदी के अहंकार के कारण है। वे हमारे आलू को झारखंड और ओडिशा जैसे पड़ोसी राज्यों में भेजने से लगातार इनकार कर रही हैं। भाजपा के मुख्यमंत्री के पदभार संभालते ही, उसी दिन से बंगाल के आलू ओडिशा, झारखंड और पूरे देश में भेजे जाएंगे।"
ममता बनर्जी का दावा- एसआईआर के चलते 250 से ज्यादा लोगों की मौत
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केशियारी में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एसआईआर के कारण 250 से अधिक लोगों की मौत हुई। उन्होंने कहा कि बंगाल में हटाए गए 90 लाख मतदाताओं में से 60 लाख हिंदू और 30 लाख मुस्लिम हैं। ममता ने चुनावी रैली में सवाल पूछा कि क्या बंगाली बोलने के कारण हम भारतीय नहीं हैं? क्या हमें लगातार अपनी नागरिकता साबित करने की जरूरत है? उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की मदद से भवानीपुर में मेरे खिलाफ दो झूठे मामले दर्ज कराकर मेरी उम्मीदवारी रद्द करने की कोशिश की, लेकिन टीएमसी कार्यकर्ताओं ने इस प्रयास को विफल कर दिया।

दशकों का इंतजार खत्म, लखीमपुर खीरी में थारू समाज को मिली बड़ी सौगात
छापे के दौरान जुआरियों ने घरों में ली शरण, पुलिस ने एक-एक को पकड़ा
ममता सरकार के खिलाफ BJP का बड़ा अभियान, अमित शाह ने भरी हुंकार
दर्दनाक एक्सीडेंट का वीडियो सामने, टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
लिस्ट जारी होते ही बवाल, कांग्रेस नेतृत्व डैमेज कंट्रोल में जुटा