मध्य प्रदेश में मौसम ने ली करवट: बारिश से राहत, जल्द लौट सकती है तेज गर्मी
भोपाल | मध्य प्रदेश में इस समय मौसम के दो अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। एक ओर आंधी और छिटपुट बारिश ने कई इलाकों में तापमान गिराकर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, तो दूसरी ओर पश्चिमी जिलों में सूरज के तेवर अब भी तीखे बने हुए हैं। शनिवार को भी मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, राजधानी भोपाल सहित कई बड़े शहरों में पारा अब भी 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है।
13 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार (9 मई) को प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में राहत की फुहारें पड़ सकती हैं। विभाग ने नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी और सिंगरौली में बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट सहित 6 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मौसम में ठंडक घुलने की उम्मीद है।
रतलाम में सबसे ज्यादा तपिश, बड़े शहरों का हाल
जहाँ कुछ जिलों में बारिश का अनुमान है, वहीं मालवा-निमाड़ क्षेत्र में गर्मी का कहर जारी है। शुक्रवार को 43.5 डिग्री सेल्सियस के साथ रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। प्रमुख शहरों की बात करें तो उज्जैन में पारा 42.4 डिग्री, इंदौर और भोपाल में 41.2 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर और जबलपुर में भी तापमान 38 डिग्री के आसपास रहा। भले ही बारिश के चलते कुछ जगहों पर पारा गिरा है, लेकिन नमी बढ़ने से उमस ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
दो वेदर सिस्टम सक्रिय, कल से फिर तपेगा प्रदेश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश में दो अलग-अलग वेदर सिस्टम सक्रिय हैं, जिसकी वजह से यह मिला-जुला असर दिख रहा है। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकने वाली है। विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 10 मई से एक बार फिर गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाएगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में फिर से बढ़ोत्तरी होगी और लोगों को भीषण लू (Heat wave) का सामना करना पड़ सकता है।

परमाणु तनाव के बीच दुनिया अलर्ट, संघर्ष की आशंका बढ़ी
पीएम मोदी का बंगाल में बड़ा ऐलान, आयुष्मान भारत योजना को लेकर कही बड़ी बात
भोपाल में IAS अधिकारियों के भूमि सौदे पर विवाद, बायपास के रूट से जुड़े लाभ के आरोप
BJP संगठन की चेतावनी के बाद बदला स्टाइल, ई-रिक्शा से पहुंचे नेता
DAVV कैंपस में सुरक्षा अलर्ट, परीक्षा देने पहुंचे फरार छात्र पकड़ाए
जल संकट से जूझती डिंडोरी पंचायत ने दिया फरमान, कुएं में नहाने वालों पर जुर्माना
दुनिया से रिश्ते मजबूत करने निकले पीएम मोदी, 6 दिन का विदेश दौरा शुरू
महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, मंत्रियों की लग्जरी यात्रा पर ब्रेक