सीजन के बीच CSK संकट में, खलील अहमद हुए बाहर; कौन भरेगा उनकी जगह?
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के तेज गेंदबाज खलील अहमद जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण आईपीएल के बाकी बचे सीजन से बाहर हो गए हैं। सीएसके की टीम अपना अभियान पटरी पर लाने की कोशिश में जुटी है और ऐसे में खलील का बाहर होना फ्रेंचाइजी के लिए करारा झटका है। टीम ने अब तक पांच में से दो मैच जीते हैं और तीन में हार का सामना करना पड़ा है।
केकेआर के खिलाफ मैच में मांसपेशियां खिचीं
खलील ने सीएसके की तरफ से अभी तक सभी पांच मैच में हिस्सा लिया है। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 14 अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान अपने दाहिने जांघ की मांसपेशियों में दर्द की शिकायत की थी। वह 3.5 ओवर गेंदबाजी कर चुके थे और आखिरी गेंद के लिए उन्होंने दो बार दौड़े, लेकिन गेंदबाजी जारी नहीं रख सके। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। आखिरी गेंद गुरजपनीत सिंह ने की थी। खलील ने अब तक सीएसके की तरफ से अच्छा प्रदर्शन किया था और उसके गेंदबाजी आक्रमण के मुख्य सदस्य थे।
खलील को ठीक होने में लगेंगे 10 से 12 हफ्ते
आईपीएल के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, 'यह ग्रेड दो की चोट है और इसे ठीक होने में कम से कम 10-12 सप्ताह का समय लगेगा।' इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने भारत के लिए 11 वनडे और 18 टी20 मैच खेले हैं। भारत की तरफ से उन्होंने अपना आखिरी मैच जुलाई 2024 में खेला था।
कौन करेगा गेंदबाजी?
सीएसके के पास अब तेज गेंदबाजों के सीमित विकल्प हैं। टीम के पास जकारी फोक्स और मुकेश चौधरी के रूप में अन्य तेज गेंदबाज हैं। हालांकि, जकारी अब तक डेब्यू नहीं कर सके हैं और उनके पास खलील जितना अनुभव नहीं है। जकारी ऑलराउंड ऑप्शन देते हैं। वहीं, मुकेश पावरप्ले में शानदार गेंदबाजी करते हैं, लेकिन डेथ ओवरों का उनके पास ज्यादा अनुभव नहीं है और डेथ ओवरों में उनका इकोनॉमी रेट भी खराब है। ऐसे में सीएसके टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
स्पेंसर जॉनसन अब तक टीम से नहीं जुड़े
इसके अलावा टीम के पास रामकृष्ण घोष को भी खिलाने का विकल्प होगा। वह एक पेस बॉलिंग ऑलराउंडर हैं और टीम को बैलेंस दे सकते हैं। हालांकि, गुरजपनीत का फॉर्म भी कुछ खास नहीं रहा है और एक ऑलराउंडर से मेन ओवरों में गेंदबाजी का रिस्क सीएसके के लिए भारी पड़ सकता है। ऐसे में टीम को एक बार फिर नए कॉम्बिनेशन के साथ उतरना पड़ सकता है। पिछले दो मैचों में जीत से टीम ने सही कॉम्बिनेशन ढूंढा ही था कि अब उन्हें खलील के रूप में झटका लगा।नाथन एलिस के रिप्लेसमेंट स्पेंसर जॉनसन अब तक टीम से नहीं जुड़ सके हैं। वह अगर मौजूद होते तो पहले विकल्प होते, लेकिन फिलहाल टीम को मुकेश चौधरी के साथ ही जाना पड़ सकता है, जब तक रिप्लेसमेंट न आ जाए। स्पेंसर 21 से 23 अप्रैल के बीच भारत आ सकते हैं और स्क्वॉड से जुड़ सकते हैं। अगर स्पेंसर जुड़ते हैं तो सीएसके के आठ विदेशी खिलाड़ी पूरे हो जाएंगे। सीएसके को अगला मैच 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद से और 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से खेलना है।
सीएसके ने रिप्लेसमेंट का एलान नहीं किया
सीएसके ने अब तक रिप्लेसमेंट का एलान नहीं किया है। हालांकि, टीम डेथ ओवरों को ध्यान में रखते हुए चयन करना चाहेगी। कई भारतीय खिलाड़ी हैं जो पिछले साल ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। ऐसे में सीएसके उन पर ध्यान दे सकती है।
- आकाश मधवाल: इनमें सबसे मुख्य नाम तूफानी गति से गेंदबाजी करने वाले आकाश मधवाल शामिल हैं। उन्हें किसी ने नहीं खरीदा था। आकाश के पास 150 की स्पीड से गेंद फेंकने की कला है। वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
- चेतन साकरिया: इसके अलावा चेतन साकरिया भी अनसोल्ड रहे थे। चेतन वेरिएशन के साथ गेंदबाजी करने की कला रखते हैं। चेतन के पास काफी अनुभव भी है।
- केएम आसिफ: केएम आसिफ भी एक विकल्प हो सकते हैं और घरेलू क्रिकेट में इस तेज गेंदबाज का फॉर्म भी अच्छा रहा था। वह पहले टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
- कमलेश नागरकोटी: कमलेश नागकोटी के पास गति है और वह 150 की स्पीड से गेंदबाजी कर सकते हैं। हालांकि, वह चोट से परेशान रहे हैं और ऐसे में उन्हें शामिल करना रिस्क होगा। हालांकि, इसमें कोई दो राय नहीं कि इस गेंदबाज के पास प्रतिभा है।
विदेशी गेंदबाज विकल्प
सीएसके के पास एक विदेशी खिलाड़ी को विकल्प (रिप्लेसमेंट) के तौर पर साइन करने का मौका है, खासकर तब जब नाथन एलिस भी बाहर हो गए हैं और स्पेंसर जॉनसन के आने में चोट के कारण देरी हो रही है। अगर स्पेंसर टीम से नहीं जुड़ते हैं तो आइए जानते हैं, विदेशी विकल्प कौन-कौन से हो सकते हैं (हालांकि, इसकी संभावना बेहद कम है):
- फजलहक फारूकी (अफगानिस्तान): एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जो खलील की तरह ही एंगल से गेंदबाजी करते हैं। वह 2024 टी20 वर्ल्ड कप में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे और चेपॉक की धीमी पिच के लिए काफी उपयुक्त रहेंगे।
- गेराल्ड कोएत्जी (दक्षिण अफ्रीका): एक आक्रामक हिट-द-डेक गेंदबाज, जो पहले ही एसए टी20 (जोहान्सबर्ग) और मेजर लीग क्रिकेट (टेक्सास) में सुपर किंग्स की फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं।
- शॉन एबॉट (ऑस्ट्रेलिया): बिग बैश लीग (BBL) के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज। वह भरोसेमंद टी20 गेंदबाजी और निचले क्रम में विस्फोटक बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।
- रिचर्ड ग्लीसन (इंग्लैंड): सीएसके के पूर्व खिलाड़ी (2024) जो एसए टी20 में भी सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी और फ्रेंचाइजी के साथ जान-पहचान के लिए जाने जाते हैं। ग्लीसन इस वक्त पीएसएल में खेल रहे हैं और उन्हें भारत आने में भी ज्यादा वक्त नहीं लगेगा।

राजनीतिक हलकों में घटना को लेकर चर्चा तेज
राजनीतिक सहमति बनाने की कोशिश पर दिया गया संदेश
आरोपी से पूछताछ जारी, और भी मामले सामने आने की संभावना
चांदनी बनी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत
आयुष्मान योजना से बाहर अस्पतालों के लिए सरकार का बड़ा फैसला